हाउस अरेस्ट किए जाने पर सपा जिलाध्यक्ष ने जताया विरोध, कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान
अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव को बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा पूरे दिन उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद पारसनाथ यादव ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश जारी करते हुए कहा कि उन्हें सरकार के इशारे पर नजरबंद किया गया है।
उन्होंने कहा, "यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। सभी साथी हमेशा नए संघर्ष के लिए तैयार रहें। जब तक इस सरकार को सत्ता से हटाया नहीं जाता, तब तक समाजवादी कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। अपने नेता अखिलेश यादव के लिए जो भी कुर्बानी देनी होगी, हम सहर्ष स्वीकार करेंगे।"
गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली में छात्र आंदोलन के समर्थन में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद अयोध्या में सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव के नेतृत्व में देर रात रामपथ स्थित सिविल लाइन क्षेत्र में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी।
बताया जाता है कि बुधवार को भी समाजवादी पार्टी द्वारा धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
इस कार्रवाई को लेकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। वहीं प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जिला अध्यक्ष के हाउस अरेस्ट के बावजूद समाजवादी पार्टी युवजन सभा ने गांधी पार्क में व सपा नेता अजीत प्रसाद ने सहादतगंज रामपथ पर धरना प्रदर्शन किया व मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

Comments
Post a Comment