रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर शनिवार को वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वीरांगना फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्षमय जीवन, साहस और वंचित समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूराम गौड़ ने कहा कि वीरांगना फूलन देवी का जीवन अन्याय, शोषण और भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने समाज के गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का कार्य किया। समाजवादी पार्टी उनके बताए सामाजिक न्याय, समानता और आत्मसम्मान के मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
लौटन राम निषाद ने कहा कि फूलन देवी ने अपने संघर्ष से यह संदेश दिया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान और न्याय मिलना चाहिए। उनके विचार आज भी सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा हैं।
विधानसभा अध्यक्ष सियाराम निषाद ने कहा कि समाजवादी विचारधारा सदैव सामाजिक न्याय, भाईचारे और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने का कार्य करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वीरांगना फूलन देवी के संघर्षों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
स्नेहलता निषाद ने कहा कि फूलन देवी ने महिलाओं के आत्मसम्मान, अधिकार और सामाजिक बराबरी की लड़ाई को नई दिशा दी। उनका जीवन साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष का प्रतीक है, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ प्रेरणा लेती रहेंगी।
वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और भाईचारे को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्षरत है। सभी कार्यकर्ताओं ने वीरांगना फूलन देवी के आदर्शों पर चलने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुँचाने का संकल्प लिया।
सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता में निवर्तमान जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने की इस मौके पर बाबूराम गौड़, हाजी फिरोज खान गब्बर, जिला उपाध्यक्ष एजाज अहमद, महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरोज यादव, अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष रामकरन यादव, एडवोकेट कपिंजल निषाद, अवधेश यादव, जय सिंह यादव, एडवोकेट संदीप यादव 'सनी', जिला सचिव सीताराम यादव, जिला सचिव असलम, जिला सचिव अंसार अहमद, जितेंद्र यादव, जुनैद खान, अखिलेश यादव, जगन्नाथ पाल, एडवोकेट शिवपाल पाल, एडवोकेट राकेश कुमार सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment