अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। श्रीराम मंदिर में चंदा एवं चढ़ावा से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर सोमवार को अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और थाना रामजन्मभूमि में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में अधिवक्ता कचहरी परिसर से जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के साथ जुलूस के रूप में निकले। पुलिस ने प्रेस क्लब तिराहा पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन अधिवक्ताओं का हुजूम आगे बढ़ गया। बाद में सिविल लाइन पुलिस चौकी पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अधिवक्ताओं को रोक लिया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। इसके बाद अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल को थाना रामजन्मभूमि जाने की अनुमति दी गई। वहां अधिवक्ताओं ने चंदा-चढ़ावा प्रकरण में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए तहरीर सौंपी।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर उसकी रसीद अधिवक्ताओं को उपलब्ध कराई। थाना रामजन्मभूमि प्रभारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर अधिवक्ताओं में काफी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

Comments
Post a Comment