बैकुंठ धाम में संत श्री सोमवारी महाराज सेवा संस्थान का हरित अभियान, सैकड़ों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
संयुक्त मंत्री ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए जताया आभार, कहा— प्रकृति संरक्षण सबसे बड़ा पुण्य कार्य
प्रमुख संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित बैकुंठ धाम परिसर में संत श्री सोमवारी महाराज सेवा संस्थान द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के तत्वावधान में सैकड़ों छायादार एवं फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ- साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार किया जा सके। संस्था के इस सराहनीय प्रयास की स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। वृक्षारोपण अभियान के दौरान संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उनका कहना था कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
इस अवसर पर संयुक्त मंत्री ने संत श्री सोमवारी महाराज सेवा संस्थान के इस पुनीत कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि बैकुंठ धाम जैसे पवित्र स्थल पर सैकड़ों पौधे लगाना न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए अनुकरणीय हैं और हर व्यक्ति को इनसे प्रेरणा लेकर वृक्षारोपण अभियान में सहभागी बनना चाहिए।


Comments
Post a Comment