अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। जनपद के बीकापुर तहसील के हरिंग्टीनगंज विकास खंड के सल्हीपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली राशन में कथित अनियमितताओं और लाभार्थियों के राशन में गबन के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने ग्रामीणों के साथ डीएसओ को अवगत कराया कि संबंधित कोटेदार पर लंबे समय से पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन देने, घटतौली करने तथा कई परिवारों को बिना कारण राशन से वंचित करने के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अभिलेखों में पूर्ण वितरण दर्शाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता इससे भिन्न है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
सरोज यादव ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीबों के जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। यदि इस व्यवस्था में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी होगी तो सबसे अधिक नुकसान गरीब एवं असहाय परिवारों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी व्यक्तियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी पाए जाने पर संबंधित कोटेदार का लाइसेंस निरस्त किया जाए तथा उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को उनका पूरा राशन उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी के विरुद्ध आवश्यक विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पार्टी महिला सभा ने कहा कि यदि गरीबों के हक से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करेगा।
इस दौरान अनीता, वीरमाता, रोहित, सुनील, अंसार, राकेश मौर्य, बेचू निषाद, चरण निषाद, अमरजीत पासवान, रीता निषाद, प्रदीप मिश्रा, शेषनाथ सिंह, सुनील विश्वकर्मा, लालजी विश्वकर्मा, गायत्री निषाद, तारावती निषाद, शीला निषाद, सरिता, सविता, किस्मत, नायिका निषाद, छैला, सुमित्रा, जगमता, सीता, निर्मला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment