रवि मौर्य
अयोध्या । दिल्ली में छात्र आंदोलन के समर्थन में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा सांसद डिंपल यादव को पुलिस द्वारा कस्टडी में लिए जाने की खबर के बाद अयोध्या में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी निंदा की।
सपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और सरकार विरोध की आवाज को कुचलने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं और छात्रों को अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने का पूरा अधिकार है। ऐसे में विपक्षी नेताओं को कस्टडी में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन जारी रहा तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment