रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति अयोध्या (एस-4) के तत्वावधान में गांधी पार्क, सिविल लाइन में आयोजित संकल्प सभा में जिले भर के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में एकजुटता का संकल्प लिया। सभा में पुरानी पेंशन व्यवस्था (ओपीएस) बहाल करने, यूपीएस/एनपीएस समाप्त करने तथा संविदा एवं मानदेय कर्मियों को नियमित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
संकल्प सभा के दौरान शिक्षक-कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय वित्त मंत्री, मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल को स्पीड पोस्ट, ई-मेल एवं अन्य माध्यमों से मांग पत्र भेजकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि सरकार लगातार शिक्षक एवं कर्मचारियों की जायज मांगों की उपेक्षा कर रही है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने कहा कि यदि पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय ने संविदा एवं मानदेय कर्मियों को नियमित करने और कर्मचारियों के समाप्त किए गए भत्तों को पुनः बहाल करने की मांग उठाई। जिला संयोजक अवधेश वर्मा ने शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य लिए जाने का विरोध करते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की।
सभा में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग अपने अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखेगा और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पंकज कुमार यादव, राजेन्द्र पाण्डेय, अवधेश वर्मा, कृपाशंकर चौधरी, श्यामजी वर्मा, दुर्गेश मिश्रा, रामनरेश गौतम, विनय पाण्डेय, हनुमंत सिंह, अमरेन्द्र गुप्ता, दयाशंकर भारती, विजय सिंह, विवेक चौबे, जगदीश वर्मा, सुदेश कुमार, सीप यादव, सुशील श्रीवास्तव, अजय मौर्य, हनुमत दूबे, गोरखनाथ वर्मा, विवेक यादव, विवेक प्रताप सिंह, राकेश यादव, ओमप्रकाश गौतम, रविन्द्र यादव, सूरज यादव, आधार यादव, मिश्रीलाल, राजेश कनौजिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment