रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या। जिला चिकित्सालय अयोध्या में चिकित्सकों की तत्परता और सूझबूझ से हृदयाघात (हार्ट अटैक) से पीड़ित एक मरीज की जान बचाने में सफलता मिली। गंभीर अवस्था में मरीज को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात ईएमओ डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रवज्वल तथा फार्मासिस्ट विजय प्रकाश वर्मा ने तत्काल उपचार शुरू किया।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. पंकज कुमार ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएल) के हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। विशेषज्ञों की सलाह पर सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए लगभग 50 हजार रुपये मूल्य के जीवनरक्षक इंजेक्शन की निर्धारित डोज मरीज को दी गई।
इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही समय बाद मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला और उसे तत्काल बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों की इस संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मरीज के परिजनों सहित नगर के गणमान्य लोगों ने जिला अस्पताल की टीम को बधाई दी। लोगों ने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता के कारण मरीज को समय पर उपचार मिल सका, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की इस सराहनीय पहल को जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया जा रहा है।

Comments
Post a Comment