रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य अयोध्या। सिंधु सेवा समिति (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 74वें प्रभु झूलेलाल चालीहा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। महोत्सव के अंतर्गत गुप्तार घाट स्थित विसर्जन स्थल एवं सिंधी मेले के आयोजन स्थल का निरीक्षण कर संस्था पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
संस्था अध्यक्ष अमृत राजपाल के नेतृत्व में उपाध्यक्ष राकेश तलरेजा, महामंत्री नरेंद्र क्षेत्रपाल, मंत्री पुरुषोत्तम दासवानी, सुरक्षा दस्ते के सह प्रभारी सौरभ लखमानी सहित कमल रावलानी, दीपक रामानी, विनोद हिंगोरानी, विकास आहूजा, एकांत मेघानी, संजय वलेचा, मोनू महाराज, शुभम एवं अन्य पदाधिकारियों ने गुप्तार घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
संस्था अध्यक्ष अमृत राजपाल ने बताया कि 19, 20 एवं 21 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रभु झूलेलाल महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों के साथ गुप्तार घाट पर सिंधी व्यंजनों से युक्त सिंधी मेले का आयोजन किया जाएगा। साथ ही साई नितिन राम जी के सानिध्य में भक्ति संध्या का विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
संस्था संरक्षक ओम अंदानी ने बताया कि 19 अगस्त को “एक शाम सिंधियत के नाम” कार्यक्रम में रायपुर के उभरते कलाकार मास्टर सक्षम कटारिया अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं 20 अगस्त को “एक शाम प्रभु झूलेलाल जी के नाम” कार्यक्रम में मुंबई के रॉकस्टार नील एवं अहमदाबाद की निशी धामेचा अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगे।
महामंत्री नरेंद्र क्षेत्रपाल ने जानकारी दी कि 19 अगस्त को रामनगर कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक तेज नारायण पांडे ‘पवन’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं 20 अगस्त को कोहिनूर में आयोजित समारोह में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संदीप भागिया मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर सिंधी समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
संस्था मंत्री पुरुषोत्तम दासवानी ने बताया कि शोभायात्रा मार्ग एवं गुप्तार घाट की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
महोत्सव को लेकर सिंधी समाज में उत्साह का माहौल है और आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।


Comments
Post a Comment