संतों के प्रदर्शन के दौरान सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर कालिख पोतने और जूते मारने की घटना बहुत ही निंदनीय
रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ ने शहर के सिविल लाइन स्थित एक होटल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी जैसी गंभीर घटनाएं सामने आती हैं, तब भाजपा, संघ और विहिप के नेताओं की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आती, लेकिन इस मुद्दे को उठाने वालों को निशाना बनाया जाता है।
पवन पांडे ने कहा कि फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद द्वारा राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का मुद्दा उठाए जाने के बाद जिस प्रकार उनका पुतला दहन किया गया और उनके चित्र के साथ दुर्व्यवहार किया गया, वह न केवल सांसद का बल्कि पूरे पीडीए समाज, दलित समाज तथा अयोध्या-फैजाबाद की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे व्यवहार का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
उन्होंने सांसद पप्पू यादव द्वारा किए गए प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवा वस्त्र राम मंदिर के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी के संदर्भ में पहने गए थे। हालांकि प्रदर्शन के दौरान भगवान श्रीराम का चित्र जमीन पर गिर जाना एक गलती थी। पवन पांडे ने कहा कि उन्होंने स्वयं इस घटना के लिए अयोध्या की जनता से क्षमा मांगी है।
पूर्व मंत्री ने संतों के प्रदर्शन के दौरान सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर कालिख पोतने और जूते मारने की घटना की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे अयोध्या-फैजाबाद की लगभग 18 लाख जनता तथा देश की 140 करोड़ जनता के सम्मान के विरुद्ध बताया।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर भाजपा पर हमला बोलते हुए पवन पांडे ने कहा कि पूरे मामले में भाजपा की भूमिका संदिग्ध दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है, जबकि वास्तविक जिम्मेदार लोगों तक जांच नहीं पहुंची है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व पदाधिकारी चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव अब भी परोक्ष रूप से मंदिर प्रबंधन में प्रभाव बनाए हुए हैं और महत्वपूर्ण फैसले उनकी इच्छा के अनुरूप लिए जा रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, अधिवक्ता सभा के शावेज जाफरी, हामिद जाफर मीशम, ओरौनी पासवान, मीडिया प्रभारी राकेश यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment