प्रमुख संवाददाता
अयोध्या। जनपद के थाना पूराकलंदर क्षेत्र के ग्राम कंदैला में पुरानी भूमि विवाद को लेकर चली आ रही रंजिश ने रविवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के चलते रामलखन मौर्य पुत्र संतराम मौर्य पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना में पार्वती मौर्य पत्नी संतराम मौर्य भी छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय अयोध्या लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर, अयोध्या रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौर्य समाज में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पीड़ित परिवार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसकी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment