छोटे लोहिया' की जयंती पर सपा कार्यालय में विचार गोष्ठी, समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या। समाजवादी पार्टी कार्यालय लोहिया भवन, गुलाबबाड़ी में बुधवार को समाजवादी आंदोलन के प्रखर चिंतक, एवं 'छोटे लोहिया' के नाम से विख्यात स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धा, सम्मान और वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा में समाजवादी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन समाजवाद, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क का निर्माण कर न केवल 'छोटे लोहिया' के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की, बल्कि ब्राह्मण समाज के सम्मान का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र के विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं और सभी कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने के लिए संघर्षरत रहना चाहिए।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी विचारधारा ही सामाजिक समरसता, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे बड़ी ताकत है। नेताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाजवादी विचारों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बाबूराम गोंड, जिला उपाध्यक्ष ओरौनी प्रसाद पासवान, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दान बहादुर सिंह, अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष राम करन यादव, जय सिंह यादव, महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरोज यादव, पूजा वर्मा, जिला सचिव अंसार अहमद, जिला सचिव सीताराम यादव, एडवोकेट राकेश कुमार, एडवोकेट शिवपाल पाल, मुकेश यादव, राकेश कुमार चौरसिया, एडवोकेट विपिन यादव, विशाल यादव, जितेंद्र यादव, अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment