रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य अयोध्या । तहसील सोहावल के लेखपाल उत्कर्ष दीप के विरुद्ध एंटी करप्शन टीम द्वारा की गई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में जनपद अयोध्या के समस्त लेखपालों ने शुक्रवार को तहसील सदर परिसर में धरना प्रदर्शन किया। लेखपालों ने कार्रवाई को अकारण, अनियमित एवं अवैधानिक बताते हुए गिरफ्तारी का विरोध किया और तत्काल सम्मानजनक रिहाई की मांग उठाई।
धरना प्रदर्शन को तहसील मंत्री सोहावल तरुण कुमार मिश्र, पूर्व तहसील मंत्री राहुल यादव, लेखपाल वेद प्रकाश वर्मा, लेखपाल संघ के जिला मंत्री नन्दलाल वर्मा, जिलाध्यक्ष विनोद कुमार पाण्डेय, रुदौली तहसील अध्यक्ष सुखदीप सिंह, बीकापुर तहसील अध्यक्ष अंकुश वर्मा तथा मिल्कीपुर तहसील अध्यक्ष आशीष राम सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 20 अगस्त को लेखपाल उत्कर्ष दीप शासन की मंशा के अनुरूप अंश निर्धारण अभियान के अंतर्गत पंचायत भवन पर बैठकर खातेदारों के बीच अंश निर्धारण का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति कथित रूप से योजनाबद्ध तरीके से फाइल में धनराशि रखकर चला गया। आरोप है कि बाद में पहुंची एंटी करप्शन टीम ने फाइल से पैसा निकालकर लेखपाल के हाथ में पकड़ाया और उसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की।
धरनारत लेखपालों का कहना है कि पूरी कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सत्यता सामने लाई जाए। आमसभा में प्रस्ताव पारित कर मांग की गई कि गिरफ्तार लेखपाल उत्कर्ष दीप की ससम्मान रिहाई की जाए तथा लेखपाल संघ द्वारा थाना पूरा कलंदर में दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित विजिलेंस टीम प्रभारी एवं अन्य सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए।
लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती और संबंधित प्रकरण में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, जनपद अयोध्या का धरना-प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जनपद के विभिन्न तहसीलों के लेखपाल उपस्थित रहे और उन्होंने संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


Comments
Post a Comment