राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय मवई में प्रतिरक्षा शक्ति सुदृढ़ करने के लिए बच्चों का हुआ स्वर्ण प्राशन
रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या । पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, हुनहुना, मवई में बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं आयुर्वेदिक जीवन शैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वर्ण प्राशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न गांवों से आए बच्चों को चिकित्सकीय देखरेख में स्वर्ण प्राशन कराया गया।
आयुर्वेद के काश्यप संहिता में स्वर्ण प्राशन संस्कार का उल्लेख मिलता है तथा पुष्य नक्षत्र में इसके प्रयोग की परंपरा वर्णित है। इसी शास्त्रीय परंपरा के अनुरूप आयोजित शिविर में अभिभावकों को बाल स्वास्थ्य, संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सालय के अधीक्षक एवं आयुर्वेद ई.एन.टी. सर्जन डॉ. अरविंद वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। विधायक रुदौली राम चंद्र यादव के अधिकृत प्रतिनिधि ने उपस्थित होकर बच्चों को स्वर्ण प्राशन की खुराक प्रदान की तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद आधारित ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अयोध्या डॉ. महेंद्र सिंह विष्णु की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वस्थ एवं समग्र विकास के लिए संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी सिद्धीधात्री पाण्डेय के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्र, मवई के 40 बच्चों को भी शिविर में शामिल किया गया। डॉ. राहुल कुमार सिंह एवं डॉ. कुसुम कुमारी ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर के सफल आयोजन में नर्सिंग स्टाफ रेशमा एवं संतोष कुमारी तथा कर्मचारी दिग्विजय, रामजीत एवं अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Comments
Post a Comment