एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
प्रमुख संवाददाता
अयोध्या। जनपद के थाना पूराकलंदर क्षेत्र स्थित ग्राम कंधैला में हुए चर्चित राम लगन मौर्य हत्याकांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पीड़ित परिवार से मुलाकात करने कंधैला गांव पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिवंगत राम लगन मौर्य को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों से मुलाकात की तथा घटना की जानकारी ली। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की तथा शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रदेश सरकार और कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कमजोर वर्गों को न्याय पाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि कंधैला में हुई राम लगन मौर्य की हत्या अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे पीड़ित परिवार और समाज में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में कानून का राज स्थापित करना चाहती है तो इस हत्याकांड के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो उनकी पार्टी प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई को सड़क से सदन तक ले जाया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष किया जाएगा।
उपस्थित लोगों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। लोगों ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान प्रमुख रूप से रजनीश मौर्य, बलराम मौर्य, सौरभ मौर्य, सुशील मौर्य, रवि मौर्य, राम सिंगार मौर्य, आकाश मौर्य, दीपक मौर्य, शालिग्राम मौर्य, सचिन मौर्य, शिवम मौर्य, राजेश मौर्य, सोनू मौर्य, संदीप मौर्य, रामतीरथ मौर्य, आशीष मौर्य, रमेश मौर्य, हर्षित मौर्य, शिव प्रसाद मौर्य, राधिका मौर्य, संतराम मौर्य, विशाल, अजीत मौर्य, अनिल कुमार, देवकीनंदन मौर्य, सुरेश मौर्य, कुलदीप मौर्य, राकेश मौर्य, संतोष, विकास, अजय मौर्या सहित मौर्य समाज के साथ साथ अन्य समाज के सैकड़ों ग्रामीण एवं समर्थक उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment