ब्यूरो रिपोर्ट रवि मौर्य
अयोध्या। रौनाही टोल प्लाजा पर आयोजित एक रैली के दौरान लोगों की जेब से रुपये और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को रौनाही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47,300 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में चार अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रौनाही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय निषाद, बाबू अफताब और छोटू गौड़ को लोहिया पुल के पास लखनऊ रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 को रौनाही टोल प्लाजा पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत में आयोजित रैली के दौरान गिरोह के सदस्य भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब से नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर रहे थे।
घटना के संबंध में थाना रौनाही में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय निषाद निवासी जानकीपुरम, लखनऊ, बाबू अफताब निवासी थाना पूराकलंदर क्षेत्र, अयोध्या तथा छोटू गौड़ निवासी नाका क्षेत्र, लखनऊ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के चार अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार यादव, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी सहित थाना रौनाही के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Comments
Post a Comment