ब्यूरो रिपोर्ट रवि मौर्य
अयोध्या। नगर निगम के पुरुषोत्तम नगर वार्ड में बार-बार हो रही बिजली कटौती को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली कटौती का कोई निश्चित समय निर्धारित नजर नहीं आता। दिन हो या रात, कई बार लगातार दो से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, बरसात के मौसम में बिजली कटौती की समस्या और अधिक चिंता का कारण बन रही है। वार्ड की कई गलियों में बारिश के बाद कीचड़ होने के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। वहीं, रात के समय अंधेरा होने से विषैले जीव-जंतुओं का डर भी बना रहता है। बिजली लंबे समय तक गुल रहने पर पूरे वार्ड को कठिनाई का सामना करना पड़ता है
क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि बिजली कटौती के संबंध में जानकारी लेने के लिए जब द्वारकापुरी पावर हाउस पर फोन किया जाता है तो उन्हें बिजली आने के संभावित समय की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि किसी कारणवश बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है तो इसकी जानकारी उपभोक्ताओं को समय रहते दी जानी चाहिए, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
पुरुषोत्तम नगर वार्ड के नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बिजली आपूर्ति को सुचारु किया जाए, अघोषित कटौती की स्थिति में उपभोक्ताओं को उचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए और बरसात के मौसम को देखते हुए रात के समय बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पुरुषोत्तम नगर वार्ड के लोगो का कहना है इस बिजली की कटौती कि समस्या का शीघ्र समाधान होने से हम सबको काफी राहत मिल सकती है।

Comments
Post a Comment