8 सितंबर को होगा जिले में ‘रीड-ए-थॉन’ का आयोजन
ब्यूरो रिपोर्ट रवि मौर्य
अयोध्या। समग्र शिक्षा एवं रूम टू रीड संस्था के द्वारा बच्चों में पढ़ने की रुचि एवं पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी' थीम पर रीडिंग कैंपेन का आयोजन 15 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पढ़ने को केवल शब्दों के उच्चारण एवं प्रवाह तक सीमित न रखते हुए बच्चों को पढ़ी गई सामग्री को समझने, उस पर विचार करने, प्रश्न पूछने तथा अपने विचार और अनुभव व्यक्त करने के अवसर प्रदान करना है।
अभियान के तहत 2 सितंबर 2026 को मोबाइल लाइब्रेरी वैन का शुभारंभ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं उप जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चन्द्र द्वारा किया गया। इसके पश्चात ब्लॉक स्तर के विद्यालयों एवं समुदाय में बच्चों को पुस्तकों से जोड़ने और नियमित पठन की आदत विकसित करने के लिए विभिन्न पठन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को कहानी पढ़ने, उस पर चर्चा करने, प्रश्न पूछने तथा अपनी प्रतिक्रिया और विचार व्यक्त करने के अवसर दिए जाएंगे।
8 सितंबर 2026 को जिले में ‘रीड-ए-थॉन’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बच्चे सामूहिक रूप से पठन, चिंतन एवं अभिव्यक्ति की गतिविधियों में प्रतिभाग करेंगे। अभियान में बच्चों के साथ-साथ शिक्षक, अभिभावक एवं समुदाय के सदस्यों की सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि विद्यालयों के साथ-साथ समुदाय में भी पठन के लिए अनुकूल वातावरण विकसित हो सके।
रीडिंग कैंपेन के माध्यम से बच्चों को उनकी परिचित भाषा एवं अनुभवों से जुड़ी पुस्तकों और कहानियों के साथ सीखने का अवसर देते हुए उन्हें पढ़ने, समझने, सोचने, प्रश्न करने और अपनी बात व्यक्त करने वाला सक्रिय एवं आत्मविश्वासी पाठक बनाने पर जोर दिया जाएगा। यह पहल बच्चों में समझ, कल्पना एवं अभिव्यक्ति को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यालय और समुदाय में सतत एवं आनंददायक पठन संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं रुम टू रीड संस्था से धीरेंद्र मिश्रा, सौरभ सिंह परिहार, मोनिका सिंह एवं नवीन उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment