वशिष्ठ मौर्या
कुशीनगर । उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग में फूल बदन कुशवाहा को लगातार तीसरी बार सदस्य की जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। इस अवसर पर फूल बदन कुशवाहा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ समाज के प्रति बड़ी जवाबदेही भी है।
फूल बदन कुशवाहा ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य के रूप में लगातार तीसरी बार दायित्व प्रदान किया जाना उनके लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तथा पार्टी के सभी वरिष्ठजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। श्री कुशवाहा ने कहा कि यह सम्मान केवल किसी पद की प्राप्ति नहीं है, बल्कि पिछड़े वर्गों के अधिकार, सम्मान और कल्याण के लिए और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयोग के माध्यम से समाज के वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने तथा उनके हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने का प्रयास जारी रहेगा।
फूल बदन कुशवाहा ने कहा कि समाज के लोगों द्वारा मिले स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ने उन्हें हमेशा जनहित में कार्य करने की प्रेरणा दी है। लगातार तीसरी बार मिली जिम्मेदारी उनके प्रति नेतृत्व के विश्वास को दर्शाती है और इस विश्वास को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वह अपने दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करेंगे। पिछड़ा वर्ग समाज की समस्याओं, अधिकारों और कल्याण से जुड़े विषयों को गंभीरता से उठाते हुए शासन स्तर पर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे और पिछड़े वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान और सरकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर भी सकारात्मक पहल को आगे बढ़ाया जाएगा। लगातार तीसरी बार आयोग का सदस्य बनाए जाने पर क्षेत्र के लोगों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने फूल बदन कुशवाहा को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Comments
Post a Comment