ब्यूरो रिपोर्ट रवि मौर्य
अयोध्या। राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा 102 की तत्परता और कुशल सेवाओं के चलते एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव एम्बुलेंस में ही कराया गया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों को सकुशल जिला महिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को स्वस्थ बताया।
जानकारी के अनुसार संत तुलसीदास कच्चा घाट निवासी चंद्रावती (26), पत्नी राजकुमार को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने 102 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और गर्भवती महिला को जिला महिला अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुई।
बताया गया कि रास्ते में लता मंगेशकर चौक के निकट अचानक प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस चालक निखिल ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका। इसके बाद एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी राजेश ने आशा कार्यकर्ता के सहयोग से आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाते हुए महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
एम्बुलेंस में ही सफल प्रसव के बाद जच्चा और नवजात की प्राथमिक देखभाल की गई तथा दोनों को तत्काल जिला महिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद मां और बच्चे दोनों को स्वस्थ बताया गया।
इस घटना ने एक बार फिर 102 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया, दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता को उजागर किया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एम्बुलेंस कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि आपात परिस्थितियों में उनकी तत्परता कई बार मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होती है।

Comments
Post a Comment