सात दिवसीय चलेगा अभियान, विधानसभा स्तर पर बैठक के बाद जिला मुख्यालय पर निकलेगा जन-आक्रोश मार्च
ब्यूरो रिपोर्ट रवि मौर्य
अयोध्या मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सात दिवसीय ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ चलाने का ऐलान किया है। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव और महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सत्ताधारी दल के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर बिना उचित आधार के वैध मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 326 की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटना गंभीर विषय है। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाता सूचियों की पड़ताल करेंगे और नाम काटे जाने की शिकायतों को सामने लाकर संबंधित स्तर पर आवाज उठाएंगे।
महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करेगी। अभियान के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सात दिवसीय अभियान के तहत शुक्रवार से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद जिला मुख्यालय पर विशाल जन-आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। पार्टी के अनुसार अभियान में विधायक और सांसद भी सड़क पर उतरकर भागीदारी करेंगे।
सपा नेताओं ने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने और मतदान के अधिकार की रक्षा के मुद्दे पर पार्टी चरणबद्ध तरीके से अपना अभियान आगे बढ़ाएगी।

Comments
Post a Comment