जर्जर भवन ध्वस्त होने के बाद निर्माण शुरू न होने पर RSD और भाकपा ने जताई नाराजगी, शीघ्र हुई निर्माण की मांग
दो साल बाद भी नहीं बना विद्यालय भवन, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
मनोज कुमार मौर्य
बरहज, देवरिया। परिषदीय प्राथमिक विद्यालय पुराना बरहज का जर्जर भवन ध्वस्त किए जाने के करीब दो वर्ष बाद भी नए भवन का निर्माण शुरू नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। राष्ट्रीय समानता दल एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को खंड शिक्षा अधिकारी बरहज के माध्यम से ज्ञापन सौंपा और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर पालिका परिषद गौरा बरहज के प्रस्ताव पर जर्जर भवन ध्वस्त किया गया था। भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी के बावजूद अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ है। राष्ट्रीय समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि “दो वर्ष से बच्चों को विद्यालय भवन नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है । स्वीकृत धनराशि के आधार पर तत्काल निर्माण शुरू कराया जाए।” खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव विनोद सिंह ने कहा कि “गरीब और श्रमिक परिवारों के बच्चों को सुरक्षित विद्यालय उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। निर्माण में देरी दुर्भाग्यपूर्ण है।”
भाकपा देवरिया के जिला सचिव अरविन्द कुशवाहा ने कहा कि “जर्जर भवन ध्वस्त होने के बाद नए भवन का निर्माण समयबद्ध तरीके से होना चाहिए था।”
RSD देवरिया के प्रवक्ता अभय कुमार पटेल ने कहा कि “बच्चों को सुरक्षित और उचित शैक्षिक वातावरण तत्काल उपलब्ध कराया जाए।” RSD देवरिया के सचिव अभय कुमार ने कहा कि “टेंडर और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाए।”
प्रतिनिधिमंडल ने मानसून और आगामी शीत ऋतु को देखते हुए भवन निर्माण में तेजी लाने की मांग की।

Comments
Post a Comment